February 14, 2026

फिल्म प्रोड्यूसर ने प्रधानी संग खेती की भी तैयार कर दी स्क्रीप्ट

 विजय बक्सरी

बलिया: दर्जनों सुपरहिट भोजपुरी फिल्म देने वाले चर्चित प्रोड्यूसर एवं अभिनेता दिनेश लाल निरहुआ व रवि किशन के स्टारडम के असली हीरो आलोक सिंह इन दिनों प्रधानी के साथ ही खेती किसानी में भी भरपूर समय दे रहे है। बलिया जनपद के बिल्थरारोड तहसील में तुर्तीपार गांव के किसानों को खेती के नए विधि का प्रयोग करने को जागरुक कर रहे है। गांव के प्रधान की हैसियत से सरकार की हर योजनाओं को जमीनी स्तर पर उतार लोगों को तो उसका लाभ दिला ही रहे है। लाकडाउन में निराश दिख रहे किसानों को भी भरपूर जोश भर रहे है। श्री सिंह ने पूरी दुनिया का पेट भरने वाले किसानों को उनकी अहमियत समझने के साथ ही किसानी के नए विधि को अपनाकर कम लागत में ज्यादा मुनाफा का मंत्र दे रहे है। इसके लिए आलोक सिंह ने इस बार स्वयं भी अपने खेत में नए-नए प्रयोग किया है। फिलहाल करीब दो बिगहा खेत में तरबूज का देशी व उत्कृष्ट फसल लगाया है और इसके लिए माल्चिंग विधि के तहत खेत में प्लास्टिक बिछाकर तरबूज का बीज लगवाया। जिससे कम पानी में ही पूरी नमी पौधों को मिल सके। लगभग 70 दिनों में तैयार होने वाले इस फसल से भरपूर मुनाफा होने का भरोसा जता रहे है। श्री सिंह ने कहा कि किसी भी फसल की खेती में पौधों को कम पानी में भरपूर नमी मिले, इसके लिए माल्चिंग विधि (खेत जोतने के बाद निर्धारित दूरी पर पतले प्लास्टिक का लेयर बिछाने एवं उसी में छेदकर बीज को डालने) ज्यादा कारगर है। खेतों में प्लास्टिक के साथ खेती की इस विधि की क्षेत्र में जोरदार चर्चा है और किसान इसे जानने को इच्छुक है। गुजरात व बिहार में ज्यादार चर्चित इस विधि का बलिया में पूर्व में भी कुछ किसानों ने प्रयोग किया और इसका लाभ भी उठाया किंतु किसी कारण से इसका प्रचार न कर सके। श्री सिंह ने बताया कि सब्जी की खेती में भी इस विधि का असर ज्यादा है। जिससे सब्जी व फसल का उत्पादन तो बढ़ता ही है, स्वाद भी जानदार हो जाता है।

विरासत में मिली प्रधानी

– बलिया जनपद में चर्चित प्रधान आलोक सिंह एकलौते इंजीनियर प्रधान है। जिसे लेकर अक्सर अधिकारी भी चुटकी लेते रहते है कि प्रधानी में कहां फंस गए आलोक जी। जिसका जवाब भी वे बड़े शालीनता से देते है कि 20 वर्ष तक गांव के प्रधान रहे पिता धर्मजीत सिंह व मां शिवकुमारी से प्रधानी व समाजसेवा की भावना उन्हें विरासत में मिली है।

भोजपुरी के 12 सुपरहिट फिल्म बना चुके है आलोक सिंह

– भोजपुरी अभिनेता व राजनेता दिनेश लाल निरहू समेत कई भोजपुरी स्टार के गाडफादर कहे जाने वाले आलोक सिंह इन दिनों ग्लैमरस दुनिया छोड़ वर्तमान में भले ही अपने पैतृक तुर्तीपार गांव की तस्वीर संवार रहे है। लेकिन भोजपुरी फिल्म में अब तक वे करीब 14 फिल्म को प्रोड्यूस कर चुके है। इनमेें 12 फिल्में सुपरहिट रही है। मजेदार बात कि जिस भी हीरो के साथ वे अपने बैनर के तहत फिल्म बनाएं, वह फिल्म उस हीरो के लिए टर्निंग प्वाइंट रहा है। 2005 में रवि किशन के साथ वे फिल्म बनाए राजा भोजपुरी, 2006 दिनेश लाल यादव के साथ हो गइल बा प्यार ओढनिया वाली से, 2007 में कृष्णा अभिषेक के साथ गवनवा ले जा राजा जी, 2008 व 2009 में दिनेशलाल की सुपरहिट फिल्म दिया। जबकि 2010 में पवन सिंह के साथ भइया के साली ओढनिया वाली एवं 2011 में खेसारी संग साजन चले ससुराल सुपरहिट फिल्म रही है। हालांकि वे वर्तमान में भी कई हिस्टोरिकल फिल्म पर काम कर रहे है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *