February 15, 2026

बरेका को प्राप्त हुआ आई.एस.ओ. 50001:2018 (ऊर्जा प्रबन्धन) सर्टिफिकेट

बरेका को मैंचेस्टर यू.के. की महत्वपूर्ण संस्था एल.एम.एस. एससेस्मेंट से आई.एस.ओ 50001 (ऊर्जा प्रबन्धन) का पुनः प्रमाणन प्रमाण पत्र लगातार तीसरी बार प्राप्त हुआ। बरेका को यह उपलब्धि ऊर्जा प्रबन्धन के बेहतर कार्यान्वयन एवं ऊर्जा बचत के लिये प्राप्त हुआ है। इस सर्टिफिकेट के मापदंडों पर खरा उतरने के लिए दस मानकों पर खरा उतरने की जिम्मेवारी होती है, जिसे बरेका ने निर्धारित समय में पूरा करने में सफलता पाई है।
बरेका में ऊर्जा प्रबन्धन की निगरानी के लिए यू.के. की महत्वपूर्ण एजेंसी एल.एम.एस. एससेस्मेंट लिमिटेड ने लखनऊ स्थित सर्टिफिकेशन एजेंसी को नियुक्त किया जिसने बरेका में ऑडिट करने के बाद बरेका को इस उपलब्धि के योग्य पाया और इस प्रमाण पत्र के लिये संस्तुति की।
इससे पूर्व बरेका को आई.एस.ओ. 50001 सर्टिफिकेट प्राप्त था जिसकी अवधि दिनांक 17.01.2024 को समाप्त हो रही थी, बरेका ने इस सर्टिफिकेट को दोबारा प्राप्त करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।  इसके साथ ही नये सर्टिफिकेट की अवधि दिनांक 17.01.2027 तक हो गयी है।
मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/क्यू.एम.एस. श्री रामजन्म चौबे ने ससम्मान प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री एस के श्रीवास्तव को आई एस ओ 50001:2018 का नवीनतम सर्टिफिकेट भेंट किया। इसके साथ ही बरेका में 17 कर्मचारियों को ऊर्जा ऑडिटर का प्रमाणपत्र प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री एस के श्रीवास्तव के द्वारा प्रदान किया गया।
महाप्रबंधक श्री बासुदेव पांडा के नेतृत्व एवं दिशानिर्देश के अनुरूप उपरोक्त सर्टिफिकेट को प्राप्त करने में सभी बरेका कर्मियों ने अपना योगदान दिया. इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री एस के श्रीवास्तव ने बरेका कर्मियों को शुभकामनाएँ देते हुए इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि कहा. बरेका के प्रबन्धन प्रतिनिधि एवं मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/क्यू.एम.एस. श्री रामजन्म चौबे ने इसे सभी बरेका कर्मियों के अथक प्रयास का परिणाम बताया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *