February 16, 2026

भिखारी ठाकुर के क्लासिक पारंपरिक गीत “बिदेसिया” पर सिंगर गोपाल राय व ट्रेंडिंग गर्ल नीलम गिरी की अनोखी प्रस्तुति, वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स से हुआ रिलीज

मुंबई| भोजपुरी के शेक्सपीयर’ कहे जाने वाले भिखारी ठाकुर का नाटक और गीत “बिदेसिया” काफी लोकप्रिय है। इसी पारंपरिक बिदेसिया को भोजपुरी लोकगायक गोपाल राय अपनी आवाज़ में लेकर आए हैं, जो वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के ऑफिसियल यूट्यूब चैनल पर रिलीज होते ही खूब देखा जा रहा है। इस वीडियो सांग “बिदेसिया”की सबसे खास बात यह है कि इस विडियो में ट्रेंडिंग गर्ल नीलम गिरी दिखाई दे रही हैं। गोपाल राय के साथ वो पहली बार नजर आ रही हैं, जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं।

इस सांग की शुरुआत इस तरह होती है कि गोपाल राय हारमोनियम बजाते हुए गाते हुए नजर आ रहे हैं उसके बाद नीलम गिरी साड़ी में नई नवेली दुल्हन के रूप में दिख रही हैं। इस सांग बिदेसिया की टैगलाइन लिखी गई है “आपन माटी आपन धरोहर”। बेशक यह मिट्टी से जुड़ा हुआ गाना है। इसके गीत और धुन स्वर्गीय भिखारी ठाकुर के हैं जबकि संगीत स्वर्गीय धनंजय मिश्रा का है। इसके म्यूजिशियन अंजनी सिंह व ग्रुप है। मिक्सिंग राकेश मिश्रा ने की है। बिदेसिया के निर्माता रत्नाकर कुमार हैं।

बिदेसिया पति पत्नी के बीच अटूट प्रेम के रिश्ते और दोनों के बीच जुदाई को दिखाने वाला गीत है। बिदेसिया के माध्यम से भिखारी ठाकुर ने अपनों से दूर रहने के दर्द को कहने की कोशिश की थी। उसी सोच को गोपाल राय और नीलम गिरी ने पर्दे पर उतारा है। इस गाने में दिखाया गया है कि नीलम गिरी नवविवाहित हैं, रोजी-रोटी की तलाश में उनके पति अपने गांव को छोड़कर बड़े शहर जाना चाहते हैं। जाते समय नीलम गिरी अपने पति को रोकने की कोशिश भी करती है, लेकिन वो बिदेस चले जाते है। बिदेसिया गाने के माध्यम से उस परदेसी की पत्नी की चिंता और दर्द को दर्शाया गया है, जिसे नीलम गिरी ने बखुबी परफॉर्म किया है। उनकी आंखों में जो दुख दर्द नजर आ रहा है वो एक बेहतरीन ऎक्ट्रेस की  निशानी है। किस तरह पति की याद में न उन्हें नींद आती है न चैन मिलता है, इस गीत में उन भवनाओं को पेश किया गया है। रत्नाकर कुमार, नीलम गिरी और गोपाल राय की तिकड़ी का यह क्लासिक सांग असल मे भिखारी ठाकुर को अद्भुत श्रंद्धाजलि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *