Banaras Times

अमिताभ बच्चन भी कोरोना पॉजिटिव, नानावटी अस्पताल में भर्ती

Amitabh Bachchan

Amitabh Bachchan

मुंबई । बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिनेता अभिषेक बच्चन शनिवार को कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दोनों को मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसकी जानकारी खुद अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन ने ट्वीट कर दी। जानकारी देते हुए पहले अमिताभ ने ट्विटर पर लिखा, ‘मुझे जांच में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। अस्पताल में भर्ती हो गया हूं। अस्पताल अधिकारियों को सूचना दे रहा है। परिजनों और स्टाफ की भी जांच करा ली गई हैं। उनकी रिपोर्ट का इंतजार है।’ उन्होंने यह भी लिखा , ‘पिछले दस दिन में मेरे संपर्क में आने वाले लोगों से भी अनुरोध है कि अपनी जांच करा लें।’

इसके कुछ देर बाद अभिषेक बच्चन ने ट्वीट कर लिखा, ‘आज मैं और पिता दोनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए। हम दोनों को हल्के लक्षण के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  हमने सभी आवश्यक अधिकारियों को सूचित कर दिया है और हमारे परिवार और कर्मचारियों सभी की जांच करा रहे हैं। मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि वे शांत रहें और घबराएं नहीं। धन्यवाद।’
अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, अमिताभ बच्चन को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। शनिवार को रात लगभग 10 बजे उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के एक डॉक्टर ने कहा, ‘वह स्थिर हैं, लेकिन सांस लेने में दिक्कत हो रही है। उनकी उम्र और ट्यूबरक्यूलोसिस समेत पिछली बीमारियों को देखते हुए, उनकी हालत में सुधार आने में समय लग सकता है।’

Exit mobile version